जमशेदपुर: साकची राज क्लब गणेश पूजा में बवाल, फायरिंग से मची अफरातफरी

जमशेदपुर : साकची के राज क्लब में मंगलवार देर रात गणेश पूजा के दौरान आयोजित म्यूजिक पार्टी में बवाल हो गया। कार्यक्रम में अचानक हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई।

Trulli

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक स्टेज पर चढ़कर युवतियों से छेड़खानी करने लगे। इसका विरोध होने पर कहासुनी बढ़ी और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच गोली चलने की आवाज से माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों का आरोप है कि गोली चलाने में राहुल राय और राहुल तिवारी नामक युवक शामिल थे।

 

घटना की जानकारी मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही क्लब परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

 

गनीमत रही कि फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।