धनबाद: झारखंड पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर दंपति को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को धनबाद के गोमो रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के जरिए निवेश के नाम पर पूरे देश में लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, साकची थाना क्षेत्र के निवासी महेश्वर बेसरा ने इस दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी उच्च रिटर्न का झांसा देकर लोगों से भारी-भरकम रकम लेती थी और बाद में रकम वापस करने से मुकर जाती थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ने की रणनीति बनाई। जानकारी मिली थी कि दंपति दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे हैं। शनिवार सुबह लगभग 6.30 बजे नेताजी सुभाषचंद्र बोस गोमो रेलवे स्टेशन पर दबिश देकर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
साकची थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार दंपति के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि इनके नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल चंद्रभूषण सिंह और प्रियंका सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच अधिकारी का कहना है कि अब तक की जांच में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। कंपनी ने देशभर के सैकड़ों निवेशकों को झांसे में लेकर रकम हड़पी है। पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।