Jamshedpur: जमशेदपुर के कुख्यात गणेश सिंह पर बम हमले के मुख्य आरोपियों में शामिल अमरनाथ गिरोह का निसार हसन उर्फ निशु को दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। वह बहरीन से लौटते वक्त गुरुवार सुबह दिल्ली पहुंचा, जहां एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पुलिस की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है, जो निशु को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शहर लाने की प्रक्रिया में जुटी है।

गिरफ्तारी के बाद निशु ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि उसे दिल्ली पुलिस ने पकड़ा है और अब उसे डर है कि कहीं जमशेदपुर पुलिस उसका एनकाउंटर न कर दे। उसका दावा है कि वह खुद को सरेंडर करने भारत आया था। निशु पर जमशेदपुर में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। साल 2022 में हुए गैंगस्टर गणेश सिंह पर बम हमले की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। तब से वह फरार चल रहा था और पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।
अब देखना होगा कि निशु की गिरफ्तारी के बाद शहर में अपराध के कई पुराने मामलों से पर्दा उठता है या नहीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उससे कई अहम सुराग मिलने की संभावना है।