जमशेदपुर/बहरागोड़ा: स्वर्णरेखा नदी के बहरागोड़ा क्षेत्र में मिली रहस्यमयी वस्तु को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रांची से पहुंची बम निरोधक दस्ते ने जांच के बाद पुष्टि की है कि यह वस्तु एक शक्तिशाली और घातक बम है।

बम निरोधक दस्ते के प्रभारी नंदकिशोर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बम काफी संवेदनशील और खतरनाक स्थिति में है। इसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए भारतीय सेना के विशेषज्ञों की मदद जरूरी होगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करवा दिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय लोगों को नदी के आसपास जाने से मना किया गया है।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। जल्द ही सेना की टीम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसके बाद बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।