जमशेदपुर : झारखंड विकलांग संस्था के संस्थापक महासचिव दीपक कुमार श्रीवास्तव (46) का बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया। उनके निधन से सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे दीपक अपने बेटे का एडमिशन कराने के लिए विद्या भारती चिन्माया विद्यालय गए थे। वहां से लौटने के दौरान उन्होंने गन्ने का जूस पिया और घर पहुंचे, जहां उन्हें उल्टी हुई। कुछ देर बाद तबीयत सामान्य लगने पर वह अपने काम के लिए घर से निकले, लेकिन थोड़ी ही दूरी पर अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल, टेल्को ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान शाम करीब 4:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
दीपक मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के सोंधिला गांव के निवासी थे और वर्तमान में जमशेदपुर के प्रकाश नगर, घोड़ाबांधा में रह रहे थे। उनके छोटे भाई विकास श्रीवास्तव प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के महासचिव हैं।
उनका पार्थिव शरीर टाटा मोटर्स अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है। गुरुवार को भुइयांडीह स्थित सुवर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दीपक श्रीवास्तव अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बेटों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पिता टीआरएफ के सेवानिवृत्त पदाधिकारी हैं।
दीपक श्रीवास्तव सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे और झारखंड विकलांग संस्था के माध्यम से उन्होंने समाज के कमजोर और दिव्यांग वर्ग के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके असामयिक निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।