जमशेदपुर : शहर में लाइसेंसधारकों द्वारा जमा किए गए हथियार वापस नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश तिवारी ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक, नवंबर 2025 में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 के दौरान आचार संहिता लागू होने पर कई लाइसेंसधारकों ने अपने हथियार बिष्टुपुर थाना के सामने स्थित “एटी दा एंड कंपनी” नामक गन दुकान में जमा कराए थे।
आचार संहिता समाप्त होने के बाद जब लोग अपने हथियार वापस लेने पहुंचे तो दुकान बंद पाई गई। दुकान के बाहर एक नोटिस चस्पा था, जिसमें दुकानदार के बीमार होने और शहर से बाहर रहने की बात कही गई थी।
लेकिन अब चार से पांच महीने बीत जाने के बाद भी न तो दुकानदार का कोई सुराग मिला है और न ही उसका मोबाइल चालू है। इससे हथियार जमा करने वाले लोगों में असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है।
शिकायत में मांग की गई है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर मामले का समाधान करे और सभी लाइसेंसधारकों को उनके हथियार वापस दिलाए। साथ ही, चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासन से मिलकर आगे की रणनीति तय करेगा।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित दुकानदार की तलाश की जा रही है।