जमशेदपुर: मानगो थाना अंतर्गत वर्कर्स कॉलेज के पास स्थित छठ घाट पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना घट गई। यहां नदी में नहाने के लिए उतरे एक दिव्यांग वृद्ध तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वृद्ध घाट पर पहुंचे और सबसे पहले अपने जूते एवं वॉकर किनारे पर रख दिए। इसके बाद वह धीरे-धीरे पानी में उतरे, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते धारा में समा गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वृद्ध के पानी में बहने की घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को उसे बचाने का मौका ही नहीं मिल पाया। कुछ युवकों ने तुरंत नदी में उतरकर खोजबीन शुरू की, लेकिन तब तक वह काफी दूर बह चुके थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने नदी किनारे से वृद्ध का जूता और वॉकर बरामद किया है। हालांकि, अब तक वृद्ध की पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ पूजा के दौरान यह घाट विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाला रहता है। कई लोग यहां सुबह-शाम स्नान करने आते हैं। हालांकि, तेज बहाव को देखते हुए बिना सुरक्षा साधन के नदी में उतरना खतरनाक साबित हो सकता है। वृद्ध की दिव्यांगता भी इस घटना का एक बड़ा कारण मानी जा रही है, क्योंकि उनके लिए पानी में संतुलन बनाए रखना संभव नहीं हो पाया।
इधर, पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की मदद से वृद्ध की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास के थानों और गुमशुदगी की रिपोर्ट से भी उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वृद्ध के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर परिजनों से संपर्क साधा जाएगा।