जमशेदपुर: शहर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बिस्टुपुर बाजार में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारत साइकिल कंपनी नामक दुकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी, जिसके बाद देखते ही देखते दुकान के अंदर धुआं और आग फैलने लगी।

घटना की जानकारी मिलते ही टाटा स्टील फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टाटा स्टील की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग लगने की घटना के बाद कुछ देर के लिए बिस्टुपुर बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। आसपास के दुकानदार और लोग एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि समय रहते दमकल टीम के पहुंचने और आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि आग से दुकान में रखे साइकिल और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।