जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र से एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। रविवार देर रात करीब 1 बजे जगदंबा होटल के पास 20 वर्षीय बंटी कुमार शर्मा पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। गोली लगने से बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया है। लेकिन छाती में गोली बुरी तरह से फंसे होने के कारण घायल को रांची के रिम्स हस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण नगर शंकोसाई निवासी बंटी अपने दोस्तों के साथ साकची से जन्मदिन की पार्टी मनाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह, मानगो और एमजीएम थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीएसपी पटमदा बच्चन देव कुजूर ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा, “सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ हो रही है। कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” बंटी कुमार शर्मा एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस गोलीकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है। हालांकि अभी तक गोली चलाने के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।