जमशेदपुर: शहर और पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है कि अंकिता यादव ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3 हासिल कर भारतीय सेना में अधिकारी पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंकिता, बैंक ऑफ इंडिया की तमिलिया शाखा में हेड कैशियर श्री जे.डी. यादव की पुत्री हैं।

अंकिता यादव जल्द ही चेन्नई में प्रशिक्षण के लिए रवाना होंगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्रदान किया जाएगा, जिसके बाद वे देश सेवा के महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करेंगी।
इस उपलब्धि पर ऑल इंडिया यादव महासभा की महिला विंग की ओर से अंकिता यादव को सम्मानित किया गया। इस दौरान अनीता यादव एवं सैन्य मातृशक्ति जमशेदपुर द्वारा उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया गया, जिनके त्याग और सहयोग को इस सफलता का मुख्य आधार बताया गया।
अंकिता की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे समाज और झारखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण युवाओं, विशेषकर लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
इस खुशी के अवसर पर 24 मार्च को श्रीष्टि गार्डन (ई-ब्लॉक 104, विजया गार्डन के समीप) में सम्मान समारोह एवं मिठाई वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर अंकिता यादव को शुभकामनाएं देने की अपील की है।