जमशेदपुर: राम नवमी के पावन अवसर पर हिंद आईटीआई की ओर से एक भव्य एवं भावनात्मक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने समाज में सौहार्द, सेवा और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत रोड नंबर 17 स्थित तरुण संघ त्रिवेदी अखाड़ा एवं पर्दिह समीक्षा एकता बजरंग अखाड़ा के सदस्यों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। इस दौरान हिंद आईटीआई की ओर से सैकड़ों-हजारों श्रद्धालुओं के बीच शरबत, चना और गुड़ का वितरण किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को फूलों की मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और भाईचारे की भावना देखने को मिली।
इस आयोजन का संचालन हिंद आईटीआई के डायरेक्टर डॉ. ताहिर हुसैन (नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर) के मार्गदर्शन में किया गया। संस्था के स्टाफ—मोहम्मद, मन्नान खदीजा, राजा और सयमा—ने पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में छात्रों की भागीदारी भी खास रही। रमज़ान, सुहैल अंसारी, साई, नदीम खान, सुहैल खान और हसन राजा समेत अन्य छात्रों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद और शरबत वितरण कर सेवा भावना का परिचय दिया।
यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और आपसी भाईचारे का प्रतीक बनकर उभरा।
गौरतलब है कि हिंद आईटीआई न केवल एक शैक्षणिक संस्थान है, बल्कि यह युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से संस्था ने एक बार फिर समाज में सेवा और सद्भाव का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया है।