जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में जुगसलाई निवासी युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर कांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में संलिप्त चार अभियुक्तों में से तीन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में बिरसानगर जोन नंबर-6 निवासी ऋषि दलाई, जसबीर सिंह उर्फ जस्सू और लवप्रीत सिंह गिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ऋषि दलाई का आपराधिक इतिहास भी रहा है। अभियुक्तों के पास से एक चाइनीज चापड़, दो अन्य धारदार हथियार और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
मंगलवार को सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि टेल्को खरकाई रोड स्थित बाउंड्री वॉल के अंदर झाड़ियों में सोहेल अली की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। कांड के उद्भेदन के लिए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में सिटी डीएसपी की अगुवाई में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सोहेल अली और गिरफ्तार अभियुक्त आपस में दोस्त थे और साथ में मादक पदार्थ का सेवन करते थे। कुछ दिन पहले सोहेल ने अभियुक्तों को जुगसलाई बुलाकर उनके साथ मारपीट की थी। वहीं, हाल ही में मादक पदार्थ के सेवन के दौरान सोहेल का मोबाइल फोन खो गया था, जिसे लेकर उसे शक था कि अभियुक्तों ने ही मोबाइल चोरी किया है। इसी बात को लेकर वह लगातार उन्हें धमकी दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में हुई मारपीट और लगातार मिल रही धमकियों का बदला लेने के इरादे से अभियुक्तों ने सोहेल को टेल्को बुलाया और धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।