जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह विजय गार्डन की रहने वाली एक विवाहित महिला प्रियंका कुमारी की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के परिजनों ने सिदगोड़ा थाने में हंगामा करते हुए प्रियंका के देवर अमन पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि अमन ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दो दिन पहले ही जमशेदपुर लौटा था। उसके लौटने के बाद प्रियंका मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके चलते यह घटना घटी।
प्रियंका के दो छोटे बच्चे हैं। वर्ष 2017 में उसका विवाह विजय गार्डन निवासी प्रशांत कुमार से हुआ था, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।