जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस स्थित मिल एंड गोदाम क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक लकड़ी के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आग इम्तियाज़ खान के गोदाम में लगी, जहां तैनात गार्ड की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर मौजूद गार्ड ने सबसे पहले गोदाम से उठते धुएं और आग की लपटों को देखा। उसने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गोदाम मालिक को फोन कर सूचना दी। खबर मिलते ही गोदाम से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और उसे काबू करना मुश्किल हो रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की टीमें पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
बताया जा रहा है कि आग मुख्य रूप से लकड़ी के बोटों तक ही सीमित रही, जिससे गोदाम में रखी मशीनों को कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी तक नहीं किया जा सका है।
मौके पर मौजूद अनिकेत ने बताया कि इस गोदाम में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
प्राथमिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।