जमशेदपुर: मानगो नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता गुरुवार देर रात एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद अचानक जनता के बीच नजर आईं। इस हादसे में 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात पूर्व मंत्री की पत्नी सुधा गुप्ता अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और परिजनों को ढांढस बंधाया।
हालांकि, इस दौरान राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर भी तेज रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुधा गुप्ता इससे पहले शायद ही कभी इस तरह जनता के बीच दिखाई दी हों। लेकिन जैसे ही मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए उनका नाम सामने आया, उनकी सक्रियता बढ़ती नजर आने लगी है।
एमजीएम अस्पताल में उनकी मौजूदगी को लेकर लोग अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। कुछ लोग इसे जनसेवा से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा मान रहे हैं। फिलहाल, हादसे में घायल लोगों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं मानगो नगर निकाय चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां और तेज होती दिख रही हैं।