जमशेदपुर में एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 15 मार्च 2026 की शाम करीब 4 बजे साकची स्थित जुबली पार्क गेट नंबर-01 के पास एक कार चालक ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को उसके घर बागबेड़ा छोड़ने के बहाने अपनी स्विफ्ट कार में लिफ्ट दी।

गाड़ी में बैठाने के बाद आरोपी ने लड़की से मोबाइल नंबर मांगा जिस पर लड़की ने अपनी मां का नंबर दे दिया। अगले दिन आरोपी ने लड़की और उसकी मां को फोन कर पैसे देने और चांडिल डैम घुमाने का झांसा देकर टाटानगर स्टेशन रोड बुलाया। वहां से वह लड़की को स्कूटी से साकची ले गया और सिन्दूर खरीदकर उसके मांग में लगा दिया।
इसके बाद आरोपी लड़की को डिमना लेक घुमाने के लिए ले गया। लौटते समय डिमना रोड स्थित साई कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में ले जाकर उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे टाटानगर स्टेशन पर छोड़ दिया।
घर लौटने के बाद लड़की ने पूरी घटना अपनी मां को बताई। इसके बाद 20 मार्च 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर तथा पुलिस उपाधीक्षक कानून व्यवस्था के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित की गई। उसी दिन टीम ने छापेमारी कर आरोपी एलेक्स गुप्ता उर्फ रुपेश कुमार (उम्र 25 वर्ष) को उसके वर्तमान निवास एग्रीको से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।