जमशेदपुर: हर थाना क्षेत्र में बनेंगे मुहल्ला-स्तरीय व्हाट्सएप ग्रुप, पुलिस-जनता के बीच बढ़ेगा तालमेल

जमशेदपुर: झारखंड में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की गई है। अब राज्य के प्रत्येक थाना क्षेत्र में मुहल्ला स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करना और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है।

Trulli

 

राज्य के डीजीपी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन व्हाट्सएप ग्रुप्स में संबंधित थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को जोड़ा जाएगा। ग्रुप का एडमिन थाना प्रभारी (थानेदार) होगा, जबकि इसमें जिले के एसपी, डीएसपी, पंचायत के मुखिया, वार्ड पार्षद और अन्य सम्मानित नागरिक भी शामिल रहेंगे।

 

इस पहल को “पुलिस आपके द्वार” की सोच के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से आम लोग अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपसी विवाद, सड़क दुर्घटना, नशे के कारोबार या अन्य घटनाओं की जानकारी सीधे और तुरंत पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।

 

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से न केवल सूचना तंत्र मजबूत होगा, बल्कि घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। साथ ही, इससे अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी और पुलिस-जनता के बीच भरोसा और सहयोग का माहौल बनेगा।