जमशेदपुर में रंगदारी को लेकर दहशत: सीतारामडेरा में हरेराम सिंह के आवास पर हवाई फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर: जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शुक्रवार तड़के सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात हमलावरों ने चंद्रा आवास परिसर में रहने वाले हरेराम सिंह के मकान के बाहर हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।

Trulli

 

घटना सुबह करीब 5 बजे की है जब एक बाइक पर सवार दो हमलावर आए और हवा में दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह फायरिंग रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने के चलते की गई है। हरेराम सिंह, जो डॉ. अभिषेक के ससुर हैं, ने कुछ दिन पहले एक युवक प्रिंस सिंह द्वारा रंगदारी मांगे जाने की बात कही थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी की पुष्टि नहीं की है।

 

कोई हताहत नहीं, लेकिन डर का माहौल

फायरिंग के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि घटना में कोई जान-माल की हानि नहीं हुई, लेकिन लोगों के मन में भय स्पष्ट रूप से देखा गया।

 

पुलिस कर रही जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “हम मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित परिवार का बयान दर्ज किया गया है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।”

 

पुलिस इसे रंगदारी से जुड़ा मामला मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। बताया जा रहा है कि प्रिंस सिंह नामक युवक ने करीब एक सप्ताह पूर्व हरेराम सिंह से पैसे की मांग की थी, जिसे न मानने पर यह धमकी दी गई थी।

 

स्थानीय लोग बोले— पुलिस गश्ती कमजोर, अपराधियों के हौसले बुलंद

घटना के बाद स्थानीय निवासियों में रोष है। उनका कहना है कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस की गश्ती व्यवस्था कमजोर हो चुकी है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

 

पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा

हरेराम सिंह व उनका परिवार इस घटना से बुरी तरह दहशत में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।