सानन की सटीक फिनिशिंग से चमका जमशेदपुर, इंडियन आर्मी को दी 1-0 से मात

जमशेदपुर: डूरंड कप 2025 में रेड माइनर्स यानी जमशेदपुर एफसी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए ग्रुप C में अपनी स्थिति और भी मजबूत कर ली है। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में सानन मोहम्मद के 52वें मिनट में किए गए एकमात्र गोल ने टीम को इंडियन आर्मी एफटी के खिलाफ 1-0 की अहम जीत दिलाई।

Trulli

 

मैच की शुरुआत भले ही इंडियन आर्मी ने आक्रामक तरीके से की हो, लेकिन अंत में बाजी जमशेदपुर के हाथ लगी। पहले हाफ में समीर मुर्मू और समनंदा सिंह के पास बढ़त दिलाने के मौके थे, मगर अनुभव और किस्मत ने साथ नहीं दिया। वहीं, जमशेदपुर के गोलकीपर अमृत गोपे ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए कई बार टीम को संकट से उबारा।

 

दूसरे हाफ में कोच खालिद जमील के आक्रामक बदलाव रंग लाए। वी.पी. सुहैर और निखिल बारला के आने से मिडफील्ड में जान आई और इसी लय में जमशेदपुर को थ्रो-इन से शुरू हुए मूव पर बढ़त मिली। कार्तिक चौधरी की हेड और सानन की छाती से कंट्रोल कर गोल की गई फिनिश दर्शकों के लिए यादगार लम्हा बन गई।

 

मैच के अंतिम मिनटों में हाई ड्रामा देखने को मिला जब इंडियन आर्मी के गोलकीपर सय्यद बिन अब्दुल कादिर को जयेश राणे पर फाउल करने के लिए रेड कार्ड मिला। मजबूरी में समनंदा सिंह को गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। हालांकि आखिरी लम्हों में वी.पी. सुहैर भी गोल के करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार से टकरा गया।

 

इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी दो मैचों में 6 अंक लेकर ग्रुप C की शीर्ष टीम बन गई है और नॉकआउट चरण में पहुंचने की दहलीज पर खड़ी है। अब नजरें उनके अगले मुकाबले पर हैं, जहां टीम जीत की हैट्रिक पूरी करने उतरेगी।

 

डूरंड कप के रोमांच का सीधा प्रसारण सोनी टेन 2 एचडी और SonyLIV पर जारी है। रेड माइनर्स की यह रफ्तार क्या उन्हें चैंपियन बना पाएगी? फैन्स बेसब्री से जवाब का इंतजार कर रहे हैं।