जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में 17 सितंबर की शाम को हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान के तहत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय बादल सामसी, पिता – विश्व सामसी, और 17 वर्षीय करुणा प्राणो, पिता – सत्य प्राणो शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल और एक मैगजीन बरामद किया है।

गौरतलब है कि 17 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे बागबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांधी नगर मोहल्ला में अपराधियों ने एक युवक पर गोली चला दी थी। इस वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और तत्परता से छापेमारी अभियान शुरू किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 25 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने बादल सामसी और करुणा प्राणो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके निशानदेही पर ही हथियार बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बादल सामसी पहले भी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ बागबेड़ा थाना कांड संख्या 55/2021 दर्ज किया गया था, जिसमें उस पर गंभीर धाराओं में मामला चल रहा है। वहीं नाबालिग आरोपी करुणा प्राणो का नाम पहली बार किसी बड़े अपराध में सामने आया है।
बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही फरार अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम का कहना है कि किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।