जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधीनगर इलाके में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कुख्यात अपराधी बादल ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान पोपो मुंडा के रूप में हुई है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायल को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पोपो मुंडा अपने घर पर मौजूद था। तभी अचानक आरोपी बादल वहां पहुंचा और उस पर फायरिंग कर दी। गोली पोपो के गुप्तांग में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। गोलीबारी की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शी गुड़िया ने बताया कि बादल ने पोपो पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके बाद स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही विधि-व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। डीएसपी तौकीर आलम ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जमशेदपुर में लगातार हो रही ऐसी आपराधिक वारदातों ने एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है।