जमशेदपुर: बहन से छेड़छाड़ के विवाद में किशोर पर चापड़ से हमला, अस्पताल में भर्ती

जमशेदपुर: शहर में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ताज़ा घटना बिष्टुपुर थाना अंतर्गत कॉन्वेंट स्कूल के पास शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे हुई, जहां कदमा शास्त्री नगर निवासी 16 वर्षीय अर्श कुमार तिवारी पर बाइक सवार युवकों ने चापड़ से हमला कर घायल कर दिया। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

Trulli

 

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की जड़ एक सप्ताह पूर्व का विवाद है। बताया जा रहा है कि अर्श के करीबी दोस्त हर्ष की बहन के साथ आरोपियों में से एक युवक ने छेड़छाड़ की थी। इस मामले को लेकर हर्ष ने आरोपी युवक को समझाया था। उस समय दोनों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।

 

शनिवार की शाम हर्ष जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आर्चरी का अभ्यास करने के बाद स्टेडियम से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आरोपी युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। पहले दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। अचानक एक युवक ने चापड़ निकालकर अर्श पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

 

घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी। बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्श को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा। फिलहाल डॉक्टरों ने उसकी स्थिति स्थिर बताई है और इलाज जारी है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला गंभीर है और इसमें शामिल युवकों की तलाश की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉन्वेंट स्कूल और जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिस पर पुलिस को सख्त निगरानी रखनी चाहिए।

 

इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। खुलेआम भीड़-भाड़ वाले इलाके में हथियार से हमला करना यह दर्शाता है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।