जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत करनडीह चौक स्थित एक हीरो टू-व्हीलर सर्विस सेंटर में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने सेंटर का ताला तोड़कर कैश काउंटर में रखी करीब 50 से 55 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई जब सर्विस सेंटर के मैनेजर तपन पाल रोज़ की तरह सेंटर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर कैश काउंटर की खिड़की खुली मिली और ड्रॉर का ताला भी टूटा हुआ था। काउंटर में रखी पूरी नकदी गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि इस चोरी में तीन चोर शामिल थे, जो चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर पहले ताला तोड़ते हैं और फिर अंदर घुसकर कैश काउंटर से पैसे निकाल लेते हैं।
मैनेजर तपन पाल ने बताया कि यह सर्विस सेंटर पिछले छह वर्षों से संचालित हो रहा है, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत परसुडीह थाना में दर्ज करा दी है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है। इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।