जमशेदपुर: मानगो गोलीकांड में दो अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने दिखाई सख्ती

जमशेदपुर में मानगो के ओलीडीह ओपी क्षेत्र में जगदम्बा होटल के पास शराब पीने के दौरान हुए विवाद में गोली चली थी। घटना में 21 वर्षीय बंटी शर्मा को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया था।

Trulli

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सागर प्रसाद उर्फ पाजी और हीरा यादव को गिरफ्तार कर लिया है। सागर प्रसाद उर्फ पाजी उलीडीह थाना क्षेत्र के त्रिवेणी कांप्लेक्स का रहने वाला है। जबकि दूसरा आरोपी हीरा यादव मानगो के दाई गुट्टू धोबी लाइन का रहने वाला है।यह जानकारी बुधवार को एसएसपी ऑफिस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने दी।

उन्होंने बताया कि बंटी को सागर ने गोली मारी थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने रोड नं.-15, NH-33 के पास दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने हीरा यादव के दाईगुट्टू स्थित घर के बरामदे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार सागर प्रसाद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में साकची थाना कांड संख्या 105/2023 (आर्म्स एक्ट) में भी नामजद रह चुका है। फिलहाल, इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।