जमशेदपुर: डिमना चौक पर जुलूस के दौरान भिड़े दो राजनीतिक गुट, मारपीट से मचा हड़कंप

जमशेदपुर: मानगो स्थित डिमना चौक पर नववर्ष के अवसर पर निकाले जा रहे हिंदू संगठनों के जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो अलग-अलग राजनीतिक गुटों के नेताओं के बीच विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।

Trulli

 

मिली जानकारी के अनुसार, एक जुलूस में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपने समर्थकों के साथ शामिल थे, जबकि दूसरे जुलूस में विधायक सरयू राय मौजूद थे। इसी दौरान जुलूस के आगे बढ़ने के क्रम में बन्ना गुप्ता के करीबी कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह मस्तान और सरयू राय के भतीजे व जदयू नेता आशुतोष राय आमने-सामने आ गए।

 

बताया जाता है कि मामूली टकराव के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया और स्थिति को काबू में किया।

 

घटना की सूचना मिलते ही बन्ना गुप्ता और सरयू राय भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। इसके बाद जुलूस पुनः आगे बढ़ गया।

 

हालांकि इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।