जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को मानगो निरंजन सिंह कॉम्प्लेक्स में मानगो जन सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एनडीए के शीर्ष नेतृत्व को मेयर प्रत्याशी की घोषणा के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी गणेश सिंह ने की।

बैठक का संचालन विनोद डे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन काशीनाथ प्रजापति द्वारा प्रस्तुत किया गया। बैठक में कहा गया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर एनडीए अपने मेयर प्रत्याशी की घोषणा नहीं करता है, तो मानगो जन सेवा समिति मेयर पद को लेकर अपने सभी विकल्पों पर स्वतंत्र रूप से विचार करेगी।
इस अवसर पर गणेश सिंह ने कहा कि मानगो की जनता को पहली बार तीसरे मत का अधिकार मिला है, जिससे आम जनता में भारी उत्साह है। लोग एक सक्षम और मजबूत प्रत्याशी की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम चुनाव को देखते हुए 23 वार्डों के लिए संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली गई है और समिति पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी है।
उन्होंने यह भी कहा कि मेयर प्रत्याशी की घोषणा में हो रही देरी के कारण कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में एनडीए नेतृत्व को जल्द निर्णय लेना चाहिए, ताकि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुट सकें।
बैठक में लोजपा जिलाध्यक्ष सतीश सिंह, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सुशील सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष मानगो मंडल सुशील पांडे, चुनचुन चौधरी, विकास साहनी, उलीडीह मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंह, जितेंद्र साव, संजीत शर्मा, बमबम पांडेय, रवि गोराई, प्रेम सक्सेना, नंदलाल गुप्ता, टुनटुन कुमार, राजेश सिंह (बालीगुमा), राकेश सिन्हा, टिंकू सिंह, छात्र नेता पवन सिंह, जनसुविधा विधायक प्रतिनिधि पिंटू सिंह एवं युवा जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत पाठक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मानगो जन सेवा समिति के इस कड़े रुख के बाद नगर निगम चुनाव की राजनीति और अधिक गर्मा गई है।