जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर हब्बा लाइन स्थित सामुदायिक भवन के सामने वर्चस्व की लड़ाई और रामनवमी के दौरान छेड़छाड़ के विवाद ने आखिरकार एक युवक की जान ले ली। 31 मार्च को दो गुटों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल युवक सन्त्री पुष्टि की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद गुरुवार को जैसे ही सन्त्री की मौत की खबर परिजनों को मिली, वे बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन दोनों गुटों के बीच पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग और चापड़ से हमला किया गया। सन्त्री पुष्टि को एक आंख में गोली लगी थी, जबकि उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चापड़ से वार किए गए थे, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी।
इस घटना में नंदू लोहार नामक एक अन्य युवक भी घायल हुआ था, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। वहीं सन्त्री की हालत लगातार गंभीर बनी रही और अंततः उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। घटनास्थल से दो पिलेट और दो खोखा बरामद किए गए थे, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।