जमशेदपुर : फेसबुक लाइव में आत्महत्या करने वाली महिला, पति पर लगाया गंभीर आरोप

जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के फॉर्म एरिया स्थित क्वार्टर नंबर 16/19 में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। 28 वर्षीय महिला मालती कुमारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन आनन-फानन में उसे टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Trulli

 

अकेलेपन के दौरान उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार घटना के समय घर पर महिला अकेली थी। उसका पति सहदेव यादव ड्यूटी पर गया हुआ था और दोनों बच्चे स्कूल गए थे। इसी बीच मालती ने कमरे के अंदर लगे पंखे से चुन्नी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने आत्महत्या करने से ठीक पहले फेसबुक पर लाइव आकर अपने पति को इस कदम के लिए जिम्मेदार बताया।

 

पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

लाइव वीडियो में मालती ने कहा कि उसके पति के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था और वह उसे लगातार प्रताड़ित करता था। मानसिक तनाव और झगड़ों से तंग आकर उसने अपनी जान देने का फैसला किया। वीडियो में महिला की पीड़ा और उसकी लाचारगी साफ झलक रही थी। इस बयान के आधार पर कदमा थाना पुलिस ने उसके पति सहदेव यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

मायके वालों ने भी पति को ठहराया दोषी

घटना की सूचना पाकर महिला के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे। मृतका के भाई ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद बना रहता था। उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि सहदेव यादव की मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से ही उनकी बहन ने आत्महत्या की।

 

पारिवारिक पृष्ठभूमि

मालती कुमारी मूल रूप से गिरीडीह की रहने वाली थी, जबकि उसके पति का पैतृक घर कोडरमा में है। वर्तमान में वह अपने पति और बच्चों के साथ जमशेदपुर के कदमा फॉर्म एरिया में रह रही थी। सहदेव यादव टाटा स्टील में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत है।

 

पुलिस जांच में जुटी

कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि फेसबुक लाइव वीडियो पुलिस के पास उपलब्ध है और इसे जांच में साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा। पति से लगातार पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार को शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।