जमशेदपुर: डॉ. बदर के मानगो नर्सिंग होम में अपेंडिक्स ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत, परिजनों का हंगामा, देखें Video

जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र स्थित डॉ. बदर के मानगो नर्सिंग होम में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां अपेंडिक्स का ऑपरेशन कराने पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

Trulli

परिजनों के अनुसार, युवक को इलाज के लिए डॉ. बदर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से पहले उसकी हालत सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन तैयारी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया, जिसके बाद युवक के मुंह से पानी निकलने लगा और उसकी स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।

 

परिजनों का यह भी आरोप है कि हालत बिगड़ने के बावजूद डॉक्टर ने लेजर मशीन के जरिए ऑपरेशन शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और खराब हो गई। जब युवक की हालत नाजुक हो गई, तो उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक के परिजनों ने इंजेक्शन के ओवरडोज को मौत का कारण बताते हुए नर्सिंग होम प्रबंधन और संबंधित डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना से नाराज लोगों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

 

सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

पूर्व में भी डॉक्टर बदर के खिलाफ पहले भी ऑपरेशन के दौरान लापरवाही के आरोप लग चुके हैं, जिससे इस घटना ने और गंभीर रूप ले लिया है।