जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत टीचर्स कॉलोनी से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां रहने वाले अभिषेक शर्मा (24 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक बीते एक साल से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। उसका शव प्रेमिका के घर पर ही फंदे से लटका पाया गया।

सुबह जब घटना की जानकारी प्रेमिका ने परिजनों को दी, तब वे मौके पर पहुंचे और देखा कि अभिषेक का शव फंदे से झूल रहा है। आनन-फानन में उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मौत की पुष्टि के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। वे अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे और प्रेमिका पर हमला करने की कोशिश की। परिजनों का आरोप था कि अभिषेक की मौत की जिम्मेदार उसकी प्रेमिका है, जो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। गुस्साए परिजनों ने प्रेमिका की पिटाई करने का भी प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद होमगार्ड जवानों ने उसे किसी तरह बचाया और तुरंत एमजीएम पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक अभिषेक शर्मा पिछले एक साल से महिला के साथ रह रहा था। महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। वह अपने पति और बच्चों से अलग रह रही थी। करीब छह महीने पहले ही अभिषेक ने उसे एक किराए के फ्लैट में शिफ्ट कराया था। रविवार की रात दोनों साथ थे, लेकिन सुबह अभिषेक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
परिजनों का कहना है कि प्रेमिका अक्सर अभिषेक पर दबाव डालती थी और आए दिन विवाद करती थी। परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि प्रताड़ना का नतीजा बता रहे हैं। उन्होंने पुलिस से इस मामले की गहराई से जांच करने और महिला पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।