जमशेदपुर के ‘वायरल ब्वाय’ की लोकप्रियता अब शहर और राज्य की सीमाओं को पार करते हुए देशभर में चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा गीत ‘दिल ना लिया, दिल ना दिया…’ इन दिनों हर जुबान पर है। इसी कड़ी में हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है, जिसमें भारतीय सेना के जवान इस गाने की धुन पर जोश और अनुशासन के साथ ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में जवानों का उत्साह और ऊर्जा साफ झलकती है। कड़ी ड्यूटी और अनुशासित जीवन के बीच इस तरह का हल्का-फुल्का मनोरंजन न सिर्फ माहौल को खुशनुमा बनाता है, बल्कि जवानों के मनोबल को भी नई ऊंचाई देता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख व साझा कर रहे हैं।
यूजर्स का कहना है कि जमशेदपुर के वायरल ब्वाय की अनोखी स्टाइल और गाने की कैची धुन ने हर उम्र और हर वर्ग के लोगों को जोड़ दिया है। कुछ लोगों ने इसे देशभक्ति, सकारात्मकता और संगीत की ताकत का सुंदर उदाहरण बताया है, तो कई यूजर्स ने जवानों के इस अंदाज की जमकर तारीफ की है।
जानकारों का मानना है कि आज के डिजिटल दौर में स्थानीय प्रतिभाएं सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रीय पहचान बना रही हैं। जमशेदपुर के वायरल ब्वाय इसका ताजा उदाहरण हैं, जिनकी वजह से एक साधारण-सा ट्रेंड अब सरहद तक पहुंच गया है और देशभर में मुस्कान बिखेर रहा है।