रांची: झारखंड पुलिस प्रशासन में एक ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। राज्य की पहली महिला पुलिस अधिकारी के रूप में तदाशा मिश्रा को झारखंड की नई प्रभारी पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। गुरुवार को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में तदाशा मिश्रा को राज्य की प्रभारी डीजीपी और आईजीपी के पद पर पदस्थापित करने की घोषणा की गई। साथ ही उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) के पद पर प्रोन्नति भी दी गई है।

तदाशा मिश्रा 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और लंबे समय से राज्य की पुलिस सेवा में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। वह वर्तमान में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
झारखंड की महिला अधिकारियों के लिए यह नियुक्ति एक प्रेरणादायक उपलब्धि मानी जा रही है। राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है जब किसी महिला अधिकारी को डीजीपी का दायित्व सौंपा गया है। तदाशा मिश्रा ने अपने करियर में कई अहम पदों पर कार्य किया है। वह रेल पुलिस में एडीजी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा वह झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार, मौजूदा डीजीपी अनुराग गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद सरकार ने तदाशा मिश्रा को प्रभारी डीजीपी का कार्यभार सौंपने का निर्णय लिया। गृह विभाग द्वारा उनके कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है।
तदाशा मिश्रा अपने शांत स्वभाव और अनुशासनप्रिय छवि के लिए जानी जाती हैं। वह अपने सहयोगियों के बीच एक सख्त लेकिन संवेदनशील अधिकारी मानी जाती हैं। बताया जा रहा है कि तदाशा मिश्रा दिसंबर माह में सेवानिवृत्त होने वाली हैं, ऐसे में उनकी यह नियुक्ति उनके करियर की एक गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
राज्य सरकार और पुलिस विभाग के कई अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में झारखंड पुलिस व्यवस्था और मजबूत होगी तथा कानून-व्यवस्था में और सुधार आएगा।