रांची : दुर्गा पूजा से पहले झारखंड सरकार ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। वित्त विभाग ने मंगलवार को आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार, राज्यपाल सचिवालय, झारखंड उच्च न्यायालय और विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सितंबर माह का वेतन 25 सितंबर 2025 से भुगतान कर दिया जाएगा। यह निर्णय झारखंड कोषागार संहिता, 2016 के नियम 139 के तहत लिया गया है।

आदेश के अनुसार, सामान्यत: कर्मचारियों को हर महीने का वेतन अगले माह की पहली तारीख को दिया जाता है। लेकिन इस बार चूंकि अक्टूबर माह की शुरुआत में ही दुर्गा पूजा का पर्व आ रहा है, ऐसे में सरकार ने कर्मचारियों को त्योहार से पहले आर्थिक सुविधा देने का निर्णय लिया है। वित्त विभाग ने सभी जिला कोषागारों और संबंधित अधिकारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
सरकार के इस फैसले से हजारों सरकारी कर्मियों को राहत मिलेगी। त्योहार के समय परिवारों को अतिरिक्त खर्च की आवश्यकता होती है। समय पर वेतन मिलने से सरकारी कर्मचारी न केवल आसानी से पूजा की तैयारियां पूरी कर पाएंगे बल्कि स्थानीय बाजारों में भी रौनक देखने को मिलेगी। कपड़ा, मिठाई, सजावट, इलेक्ट्रॉनिक और गिफ्ट आइटम के कारोबारियों को भी इसका सीधा लाभ पहुंचेगा।
कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। संगठनों का कहना है कि त्योहार के समय पहले ही वेतन भुगतान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और वे बिना किसी तनाव के परिवार के साथ पर्व का आनंद ले पाते हैं।
आर्थिक विशेषज्ञों का भी मानना है कि इस कदम से राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। समय पर वेतन वितरण से उपभोग क्षमता बढ़ेगी और बाजार में खपत तेज होगी, जिससे कारोबारियों को भी फायदा होगा।