झारखंड के बने ड्रोन से सेना साधेगी दुश्मन पर सटीक निशाना

रांची: झारखंड की राजधानी से जुड़े एक बड़े औद्योगिक विकास की खबर सामने आई है। रांची स्थित समृद्धि इंफार्मेटिक्स कंपनी ने भारतीय सेना के लिए ड्रोन निर्माण का जिम्मा संभाला है। कंपनी का अत्याधुनिक ड्रोन निर्माण प्लांट बोकारो जिले में तैयार हो चुका है और उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च 2026 तक सेना को पहली खेप ड्रोन की आपूर्ति कर दी जाएगी।

Trulli

 

कंपनी के सीईओ अतुल त्रिपाठी ने जानकारी दी कि भारतीय सेना के अधिकारियों ने पहले ही ड्रोन का डेमो देखा और उसकी क्षमता की सराहना की है। यह ड्रोन न केवल सीमा पर निगरानी (सर्विलांस) में मदद करेंगे बल्कि युद्धक स्थिति में बम गिराने की क्षमता भी रखेंगे। आधुनिक तकनीक से लैस इन ड्रोन के जरिए सेना की ताकत और भी बढ़ेगी और सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

 

ड्रोन निर्माण के इस प्रोजेक्ट से झारखंड में औद्योगिक विकास को नया आयाम मिलने की संभावना है। बोकारो में लगने वाले इस प्लांट से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि राज्य को रक्षा उपकरण निर्माण के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। कंपनी का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में हजारों युवाओं को सीधा और परोक्ष रोजगार मिलेगा।

 

सीईओ त्रिपाठी ने बताया कि आने वाले समय में कंपनी रिसर्च और डेवलपमेंट पर भी जोर देगी ताकि ड्रोन की क्षमता और बढ़ाई जा सके। उनका कहना है कि “यह प्रोजेक्ट सिर्फ कंपनी या राज्य के लिए ही नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगा।”

 

गौरतलब है कि अब तक भारत में रक्षा उपकरणों का एक बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात होता रहा है। लेकिन ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत देशी कंपनियों को रक्षा क्षेत्र में प्रोत्साहित किया जा रहा है। समृद्धि इंफार्मेटिक्स का यह प्रयास इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।