झारखंड मौसम अपडेट : कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सोमवार से राहत के आसार

झारखंड में लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश का पीलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, सोमवार से रांची समेत दक्षिणी झारखंड में आसमान साफ होने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि इसके बाद प्रदेश के लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है।

Trulli

 

भारी बारिश की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना अति गहरा निम्न दबाव क्षेत्र ओडिशा और छत्तीसगढ़ से होकर अब बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से झारखंड के संताल परगना, गिरिडीह, हजारीबाग, धनबाद, कोडरमा, चतरा, बोकारो और गढ़वा समेत करीब 10 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं रांची और उसके आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

 

राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक वर्षा गढ़वा में 185 मिमी दर्ज की गई है। इसके अलावा रामगढ़ में 45 मिमी और रांची में 8.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं। पेड़ गिरने की घटनाएं और यातायात बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं।

 

बारिश से बढ़ी ठंडक, राहत में भी परेशानी

लगातार तीन से चार दिनों से हो रही बारिश ने प्रदेश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। एक हफ्ते पहले तक पड़ रही भीषण गर्मी से भले ही लोगों को राहत मिली हो, लेकिन लगातार भीगते घर, गली और मोहल्ले अब परेशानी का कारण बन गए हैं।

 

जानलेवा साबित हो रहा मॉनसून

इस साल झारखंड में मॉनसून कहर बरपा रहा है। भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। कई स्थानों पर घर और दीवारें ढहने से भी जानें गई हैं। ग्रामीण इलाकों में फसलों को नुकसान हुआ है, जबकि शहरी क्षेत्रों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम ने जीवन को मुश्किल बना दिया है।

 

मौसम विभाग की अपील

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सोमवार से मौसम के सुधरने की संभावना है, लेकिन तब तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की मार से हाल बेहाल बना रहेगा।