झारखंड वेदर अपडेट : लगातार बारिश से जमशेदपुर में गिरी तापमान, दुर्गा पूजा के दौरान बढ़ सकती है ठंड और बारिश की परेशानी

रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में बीते चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। राजधानी में दिन और रात का तापमान गिर गया है, जिससे लोगों ने रात में रजाई और चादर ओढ़ना शुरू कर दिया है। सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं मौसम में बदलाव का अहसास करा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन दुर्गा पूजा के दौरान मौसम का असर साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।

Trulli

 

दुर्गा पूजा पर पड़ सकता है असर

जानकारी के मुताबिक, 26 से 27 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, 29 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस वजह से दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल घूमने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बारिश के कारण रांची में आयोजित गरबा और डांडिया नाइट्स के कार्यक्रमों पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आयोजकों और श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

पिछले 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई इलाकों में मानसून सक्रिय रहा, जबकि अधिकांश हिस्सों में कमजोर दिखाई दिया। कुछ जगहों पर मध्यम और हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा पश्चिम सिंहभूम के मंझारी में दर्ज की गई, जहां 21 मिमी बारिश हुई।

 

तापमान का हाल

राज्य में सबसे अधिकतम तापमान गोड्डा में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट के कारण लोग अब सुबह-शाम हल्की ठंड का अनुभव कर रहे हैं।

 

क्या कहता है मौसम विभाग?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। दिन में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी। दुर्गा पूजा तक ठंडक का असर और अधिक बढ़ सकता है। ऐसे में पूजा पंडालों का भ्रमण करने वाले भक्तों को छाता और बारिश से बचाव के साधन साथ लेकर चलने की सलाह दी गई है।