कैरव गांधी अपहरण मामला: 14 दिन बाद भी सुराग नहीं, सांसद विद्युत वरण महतो बोले-लोकसभा में उठेगा मुद्दा

जमशेदपुर: युवा व्यवसायी कैरव गांधी के अपहरण को 14 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इसे झारखंड की गिरती कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण बताते हुए कहा कि इस मामले को वे आगामी लोकसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे।

Trulli

 

सांसद विद्युत वरण महतो ने बताया कि 28 जनवरी से लोकसभा का सत्र शुरू हो रहा है। इस दौरान वे झारखंड के अन्य सांसदों के साथ मिलकर लोकसभा में कैरव गांधी अपहरण कांड को उठाएंगे, ताकि पूरे देश के सामने यह सच्चाई आए कि राज्य में कानून-व्यवस्था किस हद तक कमजोर हो चुकी है।

 

उन्होंने कहा कि इस गंभीर प्रकरण को लेकर वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे और झारखंड की लचर विधि-व्यवस्था से उन्हें अवगत कराएंगे। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कैरव गांधी अपहरण मामले में कड़ा और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि अपराधियों को सख्त संदेश मिले और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।

 

सांसद महतो ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से भी अपील की कि जांच प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और जल्द से जल्द कैरव गांधी को सकुशल बरामद किया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि आम नागरिकों के मन में भय का माहौल भी पैदा करती हैं, जिसे दूर करना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।