प्रेम प्रसंग में खूनखराबा: जमशेदपुर में युवक पर चापड़ से हमला, हालत नाजुक

जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क के पास मंगलवार देर शाम प्रेम प्रसंग को लेकर हिंसक वारदात सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान आदर्श सिंह के रूप में हुई है।

Trulli

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से आदर्श सिंह को गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है।

 

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय एक युवती भी मौके पर मौजूद थी, जिससे आदर्श का संबंध बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आदर्श युवती से एकतरफा प्रेम करता था और बार-बार समझाने के बावजूद पीछे नहीं हट रहा था।

 

सूत्रों के मुताबिक, युवती के कथित प्रेमी फारुक अयान ने आदर्श सिंह पर चापड़ से हमला कर दिया। वहीं, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि युवती के कहने पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और संभावित साजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।