दो साल पहले किया प्रेम विवाह, अब पत्नी का चेहरा पत्थर से कूचकर मार डाला

पलामू में पति ने पत्नी की हत्या कर शव को कमरे में बंद कर दिया। महिला का चेहरा कुचलकर मारा गया है। घटना शहर थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन के समीप स्थित कुम्हारटोली इलाके की है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय पूनम देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सदर थाना क्षेत्र के लहसुनिया की निवासी थीं। पूनम ने करीब दो वर्ष पूर्व चौरा बांसडीह निवासी अशोक यादव से प्रेम विवाह किया था, जो परिजनों की मर्जी के खिलाफ था। विवाह के बाद से ही दंपती के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी।

Trulli

जानकारी के अनुसार, पूनम और अशोक बीते छह माह से कुम्हारटोली में कुमार अनूप सिंह के मकान में किराए पर रह रहे थे और मजदूरी कर अपनी जीविका चला रहे थे। सोमवार की रात अशोक यादव ने कथित रूप से पूनम की हत्या कर दी और कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। पूनम की हत्या की जानकारी मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे मिली। इससे पूर्व, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पूनम की मां को उसके देवर द्वारा फोन पर यह सूचना दी गई कि पति-पत्नी के बीच सोमवार रात झगड़ा हुआ था। जब पूनम की मां बेटी के घर पहुंची, तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। संदेह होने पर मृतका की चचेरी बहन ने खिड़की को धक्का दिया, जिससे वह खुल गई। अंदर फर्श पर पूनम का शव पड़ा मिला।

घटना की सूचना आसपास के लोगों द्वारा टीओपी-2 पुलिस चौकी को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का ताला तोड़ा गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पति अशोक यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मौके पर मौजूद दंपती के पड़ोस में रहने वाली गीता देवी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर पैसों को लेकर झगड़े होते थे। घटना की रात भी दोनों के बीच देर रात 11 बजे तक विवाद हुआ था। सुबह उठने पर उन्होंने कमरे पर ताला लगा देखा।