घाटशिला के बुरुडीह डैम में बड़ा हादसा: पिकनिक मना रहे लोगों पर चढ़ी बोलेरो, 10 घायल, वाहन में लगाई आग

घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरुडीह डैम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने आए लोगों पर अचानक एक अनियंत्रित बोलेरो कार चढ़ गई। इस हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

Trulli

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के सोनारी और डिमना इलाके से आए कई परिवार बुरुडीह डैम पर पिकनिक मना रहे थे। लोग तिरपाल बिछाकर भोजन कर रहे थे और कुछ लोग पास में आराम कर रहे थे। इसी दौरान पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर से आई एक बोलेरो कार तेज रफ्तार में वहां पहुंची। चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो सीधे पिकनिक मना रहे लोगों पर चढ़ गई।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। घटना से आक्रोशित लोगों ने बोलेरो कार में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

 

घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है। हादसे में बोलेरो चालक सनातन मल्लिक भी घायल हुआ है, जिसे पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

सूचना मिलने के बाद घाटशिला थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।