जमशेदपुर: दुर्गा विसर्जन के बीच बड़ा हादसा, स्वर्णरेखा नदी से अचेत अवस्था में निकली महिला

जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के विसर्जन के बीच गुरुवार शाम मानगो बस स्टैंड के पास स्वर्णरेखा नदी किनारे पाण्डेय घाट पर अफरा-तफरी का माहौल उस समय बन गया जब एक महिला नदी की धारा में बहती हुई दिखाई दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से महिला को किसी तरह बाहर निकाला गया और उसे गंभीर अवस्था में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

Trulli

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पहुंचे हुए थे। इसी दौरान अचानक नदी की धारा में महिला को बहते हुए देखा गया। बताया जा रहा है कि महिला संभवतः विसर्जन देखने या उसमें भाग लेने आई थी और किसी कारणवश नदी में गिर गई। स्थानीय पुलिस की नज़र महिला पर पड़ी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय युवकों ने महिला को नदी से बाहर निकाला और एम्बुलेंस बुलाकर उसे एमजीएम अस्पताल भिजवाया।

 

एम्बुलेंस चालक सुनील चंद्र महतो ने बताया कि महिला की स्थिति गंभीर थी और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वह मिट्टी रंग की साड़ी और लाल रंग की कमीज पहने हुई थी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से महिला के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन अब तक उसके नाम और पते का कोई सुराग नहीं मिला है।

 

फिलहाल पुलिस महिला की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है। इस संबंध में आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है ताकि यदि किसी महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई हो तो उसकी पुष्टि की जा सके। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि महिला का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

 

दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान अक्सर घाटों पर भीड़ रहती है और सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं प्रशासन और श्रद्धालुओं दोनों के लिए चिंता का विषय हैं। पुलिस ने अपील की है कि लोग भीड़भाड़ वाले स्थानों और खासकर नदी घाटों पर सतर्कता बरतें ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।