देवघर में बड़ा हादसा: ट्रक–ट्रेन की टक्कर, बाइक भी चपेट में, दो लोग गंभीर घायल

देवघर: झारखंड के देवघर जिले से गुरुवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। हावड़ा–जसीडीह मुख्य मार्ग पर स्थित रोहिणी नावाडीह रेलवे फाटक के पास ट्रक और ट्रेन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद एक बाइक भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

Trulli

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन फाटक के पास पहुंची, उसी दौरान एक ट्रक रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच ट्रेन और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गया, जिसकी चपेट में एक बाइक आ गई। बाइक ट्रेन और ट्रक के बीच फंस गई।

 

इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण सड़क और रेल, दोनों मार्गों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ को जानकारी दी गई। सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा यातायात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

 

फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से रेलवे फाटकों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।