नेपाल में बड़ी कार्रवाई: पीएम बनने के घंटों बाद बालेंद्र शाह का एक्शन, पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली गिरफ्तार

बालेंद्र शाह के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर नेपाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। नई सरकार के निर्देश पर पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Trulli

 

नेपाल पुलिस ने इस कार्रवाई के तहत पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को भी हिरासत में लिया है। दोनों नेताओं की गिरफ्तारी पिछले साल हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और मौतों के मामले में की गई है।

 

मौजूदा गृह मंत्री सुदान गुरुंग ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कार्रवाई की पुष्टि करते हुए लिखा, “वादा तो वादा है: कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। यह बदले की कार्रवाई नहीं, बल्कि न्याय की शुरुआत है।”

 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केपी शर्मा ओली को शनिवार सुबह उनके गुंडू स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया, जबकि रमेश लेखक को भक्तपुर के कुटुंजे से हिरासत में लिया गया।

 

गौरतलब है कि 8-9 सितंबर 2025 को नेपाल में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ शुरू हुआ जेन-जी आंदोलन हिंसक हो गया था, जिसमें 8 सितंबर को 19 लोगों की मौत हुई थी। जांच आयोग की रिपोर्ट में तत्कालीन सरकार के शीर्ष नेताओं पर आपराधिक जिम्मेदारी तय करने की बात सामने आई थी।

 

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की अध्यक्षता में हुई पहली ही कैबिनेट बैठक में जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का फैसला लिया गया। इसके बाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

नेपाल के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार है जब किसी पूर्व प्रधानमंत्री को हत्या के संदेह से जुड़े मामले में हिरासत में लिया गया है। इस कार्रवाई को देश में कानून के शासन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।