एनएच-33 पर बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एनएच-33 पर नियमित वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

Trulli

 

पुलिस के अनुसार 4 जनवरी 2026 को एनएच-33 पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन युवकों को रोका गया। तलाशी के क्रम में उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

1. दानिश हुसैन उर्फ अन्नू (उम्र लगभग 20 वर्ष), निवासी जाकिरनगर रोड-12, थाना आजादनगर, पूर्वी सिंहभूम

2. राशिद अंसारी (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी गोसाईनगर कपाली

3. गुलाम खान उर्फ बन्नी (उम्र लगभग 19 वर्ष), निवासी कपाली

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी निर्मित कट्टा, 9 एमएम के जिंदा कारतूस, मैगजीन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। इस संबंध में मानगो थाना कांड संख्या 02/2026 दिनांक 05 जनवरी 2026 के तहत धारा 25(1-ब)ए/26/35 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में मानगो थाना की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

 

पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।