Mango Murder: संतोष सिंह हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल, मास्टरमाइंड सहित कई अभी भी फरार

Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर हुए संतोष सिंह हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम रौनक सिंह और निखिल सिंह हैं। पुलिस ने रौनक सिंह को दिल्ली में गिरफ्तार किया और फिर ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाई। जबकि निखिल सिंह को जमशेदपुर से ही पकड़ा गया है। इन दोनों को पूछताछ करने के बाद सोमवार को जेल भेज दिया गया। बताते हैं कि दोनों ने घटना में अपना हाथ होना स्वीकार किया है।

हत्या की घटना का मास्टरमाइंड है रोहित दीक्षित

हत्या की इस घटना का मास्टरमाइंड पूर्व भाजपा नेता डब्बू दीक्षित का बेटा रोहित दीक्षित है। रोहित दीक्षित अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। इसके अलावा इस मामले में आरोपी प्रेम दीक्षित, डोली दीक्षित, गीता दीक्षित, रोहित दीक्षित के साथ ही विमल गोप उर्फ टकला, शुभम कुमार और घनश्याम सिंह अभी भी फरार हैं। पुलिस इन आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

19 जनवरी को हुई थी संतोष सिंह की हत्या

गौरतलब है कि मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला गुरुद्वारा रोड पर 19 जनवरी को पूर्व कांग्रेसी नेता जितेंद्र सिंह के भाई संतोष सिंह की हत्या कर दी गई थी। हत्यारे सफेद स्कूटी पर आए थे। हत्यारे ने घटना को तब अंजाम दिया जब संतोष सिंह अपनी भतीजी की शादी के लिए कार्ड बांटने स्कूटी पर मोहल्ले में निकले थे। हथियारों को देखते ही संतोष सिंह स्कूटी छोड़कर भाग निकले थे और एक घर में घुस गए थे। लेकिन, बदमाश भी उसी घर में घुस गए और संतोष पर ताबड़तोड़ कई गोलियां बरसा कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था।

डब्बू की हत्या का बदला लेने को हुई थी संतोष की हत्या

हत्या की यह घटना डब्बू दीक्षित की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी। डब्बू दीक्षित की हत्या सितंबर साल 2014 में हुई थी। डब्बू दीक्षित की हत्या में संतोष सिंह और उनके भाई जितेंद्र सिंह पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगा था।