पूर्वी सिंहभूम में 50 हजार से अधिक अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम हटाए गए

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राशन कार्ड धारकों का सत्यापन अभियान चलाया है। इस दौरान 50,000 से अधिक अपात्र या निष्क्रिय कार्ड धारकों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। ये वे लोग हैं जिन्होंने पिछले छह महीने या उससे अधिक समय से अपने राशन कार्ड का उपयोग नहीं किया था।

Trulli

आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक निष्क्रिय कार्ड धारक जमशेदपुर शहरी क्षेत्र (68,565) और जमशेदपुर-गोलमुरी क्षेत्र (46,703) में पाए गए। सत्यापन अभियान के दौरान कुल 1,64,237 निष्क्रिय कार्डों में से 50,323 को रद्द कर दिया गया है। वहीं, 576 कार्डधारक लाभ पाने के योग्य पाए गए, जबकि 1,13,338 कार्डधारकों की जांच की जा रही है।

सत्यापन में यह भी सामने आया कि 20,067 नाम ऐसे थे जिनके आधार नंबर संदिग्ध पाए गए, इसलिए उन्हें सूची से हटा दिया गया। 2,500 से अधिक मामलों की जांच अब भी जारी है। इसी तरह, 18 वर्ष से कम और 100 वर्ष से अधिक आयु वाले 2,274 एकल-सदस्यीय कार्ड भी रद्द कर दिए गए हैं, जबकि 13,332 अन्य मामलों की जांच की जा रही है।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पात्र लाभुकों को ही राशन उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया है।