Bihar Election: पावरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह लड़ेंगी काराकाट से विधानसभा चुनाव

बिहार: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और राजनीतिक गलियारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने अब अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि वे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में काराकाट सीट से चुनाव लड़ेंगी। यह घोषणा उन्होंने प्रभात खबर डॉट कॉम से विशेष बातचीत के दौरान की।

Trulli

 

ज्योति सिंह ने बताया कि वे पिछले कुछ वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं और जनता की समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि, “काराकाट की जनता के बीच लंबे समय से मेरी आवाज़ रही है। अब समय आ गया है कि उनकी सेवा और अधिकारों की लड़ाई को विधानसभा के मंच तक ले जाऊं।”

 

हालांकि अभी यह तय नहीं है कि वे किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगी। इस सवाल पर उन्होंने बताया कि फिलहाल कुछ राजनीतिक दलों से बातचीत चल रही है। अगले दो दिनों के भीतर यह स्पष्ट हो जाएगा कि वे किसी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरेंगी।

 

राजनीतिक समीकरण में आ सकता है बदलाव

काराकाट विधानसभा सीट पर पहले से ही कई दावेदारों की निगाहें टिकी हैं। ज्योति सिंह के मैदान में आने से इस सीट का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल सकता है। खासकर पवन सिंह की लोकप्रियता और भोजपुरी क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए माना जा रहा है कि ज्योति सिंह को युवाओं और महिला मतदाताओं का खासा समर्थन मिल सकता है।

 

सोशल मीडिया पर भी मिल रहा है समर्थन

ज्योति सिंह के चुनाव लड़ने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में कई लोग सामने आए हैं। ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लोग उनके फैसले की सराहना कर रहे हैं। कई यूज़र्स ने लिखा है कि “अब वक्त है बदलाव का, ज्योति बहन को विधानसभा में देखना चाहते हैं।”

 

क्या पवन सिंह करेंगे प्रचार?

अब सबकी निगाहें इस पर भी टिकी हैं कि क्या पवन सिंह अपनी पत्नी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। यदि ऐसा होता है तो यह चुनाव और भी चर्चित हो सकता है और भोजपुरिया रंग में पूरी तरह रंग जाएगा।