बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगवाली गांव में दहेज की भूख ने एक बार फिर एक गर्भवती महिला की जान ले ली। दहेज के लिए ससुराल पक्ष द्वारा महिला को जिंदा जलाकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका नीतू कुमारी (29 वर्ष) की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व अंगवाली गांव निवासी विनोद रविदास के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही नीतू को दहेज की मांग को लेकर पति समेत ससुराल पक्ष द्वारा लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मायके पक्ष के अनुसार, प्रताड़ना को लेकर कई बार सामाजिक स्तर पर समझौता भी कराया गया, लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
मायके वालों का आरोप है कि 18 दिसंबर को नीतू कुमारी जब रसोई में खाना बना रही थी, तभी पीछे से उस पर आग लगा दी गई। इस घटना में वह करीब 85 से 90 प्रतिशत तक झुलस गई। गंभीर अवस्था में उसे बीजीएच बोकारो में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बीते 1 जनवरी को उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने पति विनोद रविदास, सास तेतरी देवी तथा मामा साडम निवासी कारू रविदास पर मिलकर नीतू को जिंदा जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पेटरवार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति विनोद रविदास को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दहेज हत्या की इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और दहेज प्रथा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।