रांची: स्कूल जा रही 11 वर्षीय बच्ची का अपहरण, दो घंटे में पुलिस ने सकुशल बरामद किया, अपराधियों ने की फायरिंग

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह स्कूल जा रही 11 वर्षीय बच्ची का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया। घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया। हालांकि, रांची पुलिस की त्वरित कार्रवाई और व्यापक नाकेबंदी के चलते बच्ची को महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।

Trulli

स्कूल जाते समय ई-रिक्शा से किया गया अपहरण

जानकारी के अनुसार, चौथी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा बुधवार सुबह अपने स्कूल जाने के लिए ई-रिक्शा से निकली थी। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने ई-रिक्शा को रोका और जबरन बच्ची को उठा लिया। अपराधियों ने मौके से भागते समय तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जिले भर में अलर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही चुटिया थाना पुलिस हरकत में आ गई। रांची शहर और आस-पास के जिलों में नाकेबंदी कर दी गई और पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया। मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और संभावित मार्गों पर निगरानी के जरिये पुलिस ने तेजी से छानबीन शुरू की।

रामगढ़ के कुज्जू में छोड़कर भागे अपराधी

पुलिस के बढ़ते दबाव और सतत छापेमारी के कारण अपराधी बच्ची को रामगढ़ जिले के कुज्जू के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सकुशल रांची लाया गया। बच्ची अभी सुरक्षित है और चिकित्सकीय जांच के लिए उसे अस्पताल भेजा गया है।

जांच जारी, जल्द होंगे गिरफ्तार: पुलिस

रांची एसएसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची को अपहरण से मुक्त कर लिया गया है और अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी की दिशा में तेजी से काम कर रही है।