रांची: राजधानी रांची सहित झारखंड के प्रमुख शहरों में यातायात को सुगम और आधुनिक बनाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को प्रस्तुत की, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) जल्द से जल्द तैयार कर परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

इन परियोजनाओं के जरिए रांची की भीषण ट्रैफिक समस्या को काफी हद तक दूर करने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही मुख्यमंत्री ने अन्य प्रमुख शहरी क्षेत्रों में भी यातायात सुधार को लेकर ठोस योजना तैयार करने के आदेश दिए हैं।
मंजूरी प्राप्त तीन प्रमुख सड़क परियोजनाएं:
1. अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़-चापू टोली एलिवेटेड फ्लाईओवर: यह फ्लाईओवर राजधानी के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक को जोड़ेगा, जिससे जाम की समस्या कम होगी।
2. करमटोली-मोरहाबादी-साइंस सिटी फ्लाईओवर एवं रिंग रोड तक फोर लेन सड़क: कुल लंबाई 2.2 किलोमीटर की इस परियोजना से मोरहाबादी, साइंस सिटी और रिंग रोड का जुड़ाव सुगम होगा, जिससे आवागमन में तेज़ी आएगी।
3. रांची रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक वैकल्पिक फोर लेन सड़क: करीब 4.7 किलोमीटर लंबी यह वैकल्पिक सड़क हवाई अड्डे तक यातायात के लिए नई राह खोलेगी, जिससे स्टेशन से एयरपोर्ट का सफर आसान और समय की बचत वाला होगा।
इन योजनाओं के पूरा होने के बाद रांची के नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी, साथ ही राजधानी की यातायात प्रणाली को एक नई दिशा मिलेगी। प्रशासन की मानें तो इन परियोजनाओं पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।